Breaking
Stay connected for the latest news and exclusive updates...
मध्य प्रदेश

कांग्रेस कार्यालय के बाहर लगे पोस्टर 'एमपी में कांग्रेस है मजबूरी-नकुलनाथ हैं जरुरी' पटवारी संभालते रहे सियासी विरासत

भोपाल हृदेश कुमार धारवार/मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी में गुटबाजी चरम पर पहुंच गई है। कांग्रेस कार्यालय के बाहर लगे नकुलनाथ के पोस्टर ने कांग्रेस की अंदर...

• Nov 14, 2026• 7 min read
कांग्रेस कार्यालय के बाहर लगे पोस्टर 'एमपी में कांग्रेस है मजबूरी-नकुलनाथ हैं जरुरी' पटवारी संभालते रहे सियासी विरासत

📷 Cover Photo: कांग्रेस कार्यालय के बाहर लगे पोस्टर 'एमपी में कांग्रेस है म

ADVERTISEMENT
Font Size:
भोपाल हृदेश कुमार धारवार/मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी में गुटबाजी चरम पर पहुंच गई है। कांग्रेस कार्यालय के बाहर लगे नकुलनाथ के पोस्टर ने कांग्रेस की अंदरूनी लड़ाई को उजागर कर दिया है। नकुलनाथ के समर्थकों ने पोस्टर लगाए तो पार्टी के अंदर हलचल मच गई, क्योंकि उन पोस्टरों में प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार की तस्वीर नदारद थी। जबकि पोस्टर पर कमलनाथ के साथ अरुण यादव, सचिन यादव और सज्जन सिंह वर्मा की तस्वीरें मौजूद थीं। जो कि दिनभर चर्चा का विषय बना रहा।  एक बात ने यह साफ कर दिया कि यह सिर्फ स्वागत का पोस्टर नहीं था, बल्कि नेतृत्व को लेकर चल रही अंदरूनी खींचतान का प्रमाण है। जिस पर  लिखा है "मध्यप्रदेश मजबूरी है,नकुलनाथ जरूरी है"  इस स्लोगन की वजह से नकुलनाथ को मुख्यमंत्री के रूप में प्रोजेक्ट करने के रूप में देखा जा रहा है। पोस्टर से कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार का फोटो नहीं लगाना मतलब उनके नेतृत्व को पूरी तरह खारिज करना है। जबकि उनके समर्थक उन्हें 2028 के लिए मुख्यमंत्री पद का सबसे मजबूत दावेदार बता रहे हैं, कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक के उस बयान के बाद यह चर्चा और तेज हो गई थी, जिसमें उन्होंने कहा था कि सरकार का नया विमान आने वाले समय में जीतू पटवारी के काम आएगा, इस बयान के बाद से जीतू पटवारी के समर्थक मुख्यमंत्री  का मुख्य दावेदार मानने लगे हैं। लेकिन जीतू पटवारी की सबसे बड़ी कमजोरी उनका 2023 का विधानसभा चुनाव हारना है, वे राऊ से करीब 35 हजार वोटों से हारे थे, पार्टी के अंदर ही एक वर्ग पूछ रहा है कि जो नेता अपना विधानसभा चुनाव नहीं जीत पाया, वह पूरे प्रदेश में पार्टी को कैसे जिताएगा। वहीं भाजपा का कहना है कि  जीतू पटवारी इस बार भी उनके विधानसभा क्षेत्र से चुनाव नहीं जीत सकते। जीतू पटवारी पहले अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं का विश्वास जीत ले उसके मुख्यमंत्री  बनने का सपना देखे। वहीं जीतू पटवारी की मुख्यमंत्री  की दावेदारी को लेकर  किसान कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष केदार सिरोही ने भी इसी सवाल को उठाते हुए कहा था कि बिना विधायक दल की बैठक और हाईकमान के फैसले के किसी को मुख्यमंत्री का दावेदार बताना ठीक नहीं है, जीतू पटवारी इस दबाव को समझते हैं, इसीलिए वे अब सामूहिक नेतृत्व की बात कर रहे हैं, लेकिन उनके समर्थक लगातार उन्हें मुख्यमंत्री पद के दावेदार के रूप में पेश कर रहे हैं।
दूसरी दावेदारी नकुलनाथ की है, 2024 के लोकसभा चुनाव में छिंदवाड़ा से हार के बाद से वे भोपाल की राजनीति से दूर थे, अब 14 नवंबर को श्यामला हिल्स स्थित कमलनाथ के बंगले पर होने वाले दीपावली मिलन और कमलनाथ के जन्मदिन के कार्यक्रम में वे कमान संभालेंगे, कमलनाथ ने खुद बताया है कि वे इस कार्यक्रम में नहीं आ पाएंगे, इसीलिए इस कार्यक्रम को नकुलनाथ को फिर से प्रदेश की राजनीति में स्थापित करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है, नकुलनाथ के समर्थकों का तर्क है कि कमलनाथ के अनुभव और छिंदवाड़ा के संगठन का फायदा 2028 में पार्टी को मिलेगा, लेकिन उनके विरोधी पूछ रहे हैं कि नकुलनाथ ने 2024 में अपनी ही परंपरागत सीट छिंदवाड़ा क्यों गंवा दी, अगर वे छिंदवाड़ा नहीं बचा पाए तो पूरे प्रदेश की जिम्मेदारी कैसे संभालेंगे, नकुलनाथ के खेमे के लिए 2028 का चुनाव सिर्फ दावेदारी का नहीं, बल्कि राजनीतिक अस्तित्व का सवाल बन गया है। तीसरी दावेदारी दिग्विजय सिंह के बेटे जयवर्धन सिंह की है, दिग्विजय सिंह खुद मुख्यमंत्री पद की दौड़ में नहीं हैं, लेकिन पार्टी के अंदर यह चर्चा है कि वे अपने बेटे के लिए रास्ता तैयार कर रहे हैं, गुना में उन्होंने कहा था कि 2028 का चुनाव जीतू पटवारी और उमंग सिंघार के नेतृत्व में लड़ा जाएगा, इस बयान को उनके समर्थक एकता का संदेश बता रहे हैं, लेकिन उनके विरोधी इसे रणनीति बता रहे हैं, सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा के दौरान दिग्विजय सिंह ने अपना साफा उतारकर जयवर्धन सिंह के सिर पर रखा था, कांग्रेस ने इसे पिता का आशीर्वाद बताया, लेकिन बीजेपी ने इसे जयवर्धन को आगे बढ़ाने की कोशिश बताया, बीजेपी विधायक भगवानदास सबनानी ने कहा कि दिग्विजय सिंह का मकसद जयवर्धन के लिए रास्ता साफ करना है, जयवर्धन सिंह के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि वे अभी तक प्रदेश स्तर पर खुद को बड़े नेता के रूप में स्थापित नहीं कर पाए हैं, राघौगढ़ से विधायक के तौर पर उनकी पहचान है। लेकिन पूरे प्रदेश में उनकी पकड़ को लेकर पार्टी के अंदर ही सवाल उठते हैं। चौथी दावेदारी उमंग सिंघार की है, जो इस समय नेता प्रतिपक्ष हैं और आदिवासी वर्ग से आते हैं, दिग्विजय सिंह ने अपने बयान में जीतू पटवारी के साथ उनका नाम भी लिया था। उमंग सिंघार के समर्थकों का कहना है कि आदिवासी और ग्रामीण मतदाताओं के बीच उनकी पकड़ 2028 में पार्टी के काम आएगी। लेकिन उनके सामने भी चुनौती है कि वे अभी तक प्रदेश के सभी क्षेत्रों में अपनी पहचान नहीं बना पाए हैं।  पार्टी के अंदर एक वर्ग उन्हें सिर्फ नेता प्रतिपक्ष के तौर पर देखता है। मुख्यमंत्री पद के दावेदार के तौर पर नहीं। इन चारों दावेदारियों के बीच अरुण यादव, सचिन यादव और सज्जन सिंह वर्मा जैसे पुराने नेता भी अपनी भूमिका तलाश रहे हैं।  ये नेता कभी प्रदेश अध्यक्ष और मंत्री रह चुके हैं। लेकिन मौजूदा नेतृत्व में खुद को किनारे पर महसूस कर रहे हैं। नकुलनाथ के पोस्टर में इनकी तस्वीरों का होना यह बताता है कि ये नेता किसी एक खेमे के साथ खड़े होकर अपनी राजनीतिक प्रासंगिकता बनाए रखना चाहते हैं, 2028 के चुनाव से पहले टिकट वितरण और संगठन में हिस्सेदारी को लेकर भी इन नेताओं की अपनी दावेदारी है। आगामी विधानसभा चुनाव के नजरिए से देखें तो कांग्रेस की सबसे बड़ी दिक्कत यही है कि उसके पास अभी तक कोई एक चेहरा नहीं है। इससे कार्यकर्ताओं में भ्रम की स्थिति बन रही है, बूथ स्तर पर काम करने वाला कार्यकर्ता यह नहीं समझ पा रहा कि उसे किस नेता के नाम पर वोट मांगना है। और यही भ्रम 2028 में पार्टी को नुकसान पहुंचा सकता है। राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने अभी तक मध्यप्रदेश के लिए किसी को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित नहीं किया है। कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने कहा है कि फैसला हाईकमान करेगा, लेकिन हाईकमान की इस चुप्पी का फायदा हर खेमा उठा रहा है। कांग्रेस के पुराने नेता 2018 का उदाहरण देते हैं, जब चुनाव से कुछ महीने पहले कमलनाथ को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था और पार्टी उन्हीं के नेतृत्व में चुनाव लड़ी थी, इसी वजह से हर खेमा मान रहा है कि आखिरी वक्त पर दिल्ली उसी को चुनेगी, जो सबसे ज्यादा ताकत दिखा पाएगा। 14 नवंबर का कार्यक्रम इसीलिए अहम हो गया है, क्योंकि इसी दिन यह तय होगा कि नकुलनाथ के साथ कितने विधायक और जिला अध्यक्ष खड़े होते हैं। जीतू पटवारी और उमंग सिंघार इस कार्यक्रम में जाते हैं या दूरी बनाते हैं यह देखना भी बड़ा दिलचस्प होगा। दिग्विजय सिंह इस आयोजन को लेकर क्या रुख अपनाते हैं, आगामी विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री पद के दावेदारों की यह लड़ाई अगर ऐसे ही चलती रही तो पार्टी को चुनाव से पहले ही संगठन को एकजुट करने में बड़ी मुश्किल होगी। अब यह सवाल भोपाल से लेकर दिल्ली तक कांग्रेस के हर कार्यकर्ता के मन में है कि आखिर 2028 में कांग्रेस का चेहरा कौन होगा।

Reader Reactions

What is your reaction to this story?
ADVERTISEMENT
📢 Share this story with friends & WhatsApp groups:

Reader Discussion & Comments (0)

Moderated Comments

Leave a Comment

Loading comments...
ADVERTISEMENT