बिना मोबाइल छटपटाते रहे भाजपा कार्यकर्ता पार्किंग से बिगड़ा रीलबाज कार्यकर्ताओं का खेल

May 17, 2026 - 09:27
 0  73
बिना मोबाइल छटपटाते रहे भाजपा कार्यकर्ता पार्किंग से बिगड़ा रीलबाज कार्यकर्ताओं का खेल

मध्य प्रदेश भाजपा में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत भाजपा के भोपाल जिला प्रशिक्षण वर्ग में मोबाइल पर प्रतिबंध लगाया गया है। पहली बार भाजपा के प्रशिक्षण वर्ग में मोबाइल पर प्रतिबंध लगाया गया है। प्रशिक्षण वर्ग शुरु होने के ठीक पहले शनिवार सुबह ही भाजपा कार्यकर्ताओं का मोबाइल पार्किंग में जमा करा लिया गया। जिले भर से 240 कार्यकर्ताओं का मोबाइल क्या जमा हुआ ऐसे लगा कार्यकर्ताओं के दिल की धड़कन ही गिरवी रख ली गई। शनिवार सुबह जमा हुए मोबाइल अब रविवार शाम को ही मिलेंगे। तब तक कार्यकर्ता न किसी को फोन कर सकते और न ही वीडियो बना सकते। सभी कार्यकर्ताओं को भोपाल में ही रात्रि विश्राम के लिए व्यवस्था भी की गई है। गौरतलब है कि भोपाल के सन स्काई मैरिज गार्डन कालूखेड़ी में दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन किया गया है जिसमें सीएम मोहन यादव सहित अन्य पदाधिकारियों का संबोधन हुआ है। शनिवार को प्रथम दिन में सात सत्र आयोजित किए गए। लेकिन मजे की बात यह देखने को मिली कि कार्यकर्ताओं के हाथ में मोबाइल नहीं होने के कारण वो उदास और मायूस नजर आए। कार्यकर्ताओं को देख कर ऐसा लग रहा था कि जैसे उनकी कोई कीमती वस्तु खो गई हो जिसे वो ढूंढने का प्रयास कर रहे हैं। दरअसल भाजपा नेतृत्व ने प्रशिक्षण वर्ग में मोबाइल पर पूरी तरह बैन लगा रखा है। क्योंकि कुछ कार्यकर्ता प्रशिक्षण के दौरान रील बनाते नजर आते थे तो कुछ कार्यकर्ता वीडियो रिकार्डिंग करते थे। और बाद में वही वीडियो वायरल होने के कारण पार्टी को जवाब देना पड़ता था। यह नियम पहले कांग्रेस लागू कर चुकी है। कांग्रेस ने भी अपनी बैठकों और प्रशिक्षणों में मोबाइल पर प्रतिबंध लगाया था। उसी का अनुसरण करते हुए भारतीय जनता पार्टी ने भी मोबाइल पर प्रतिबंध लगा दिया। लेकिन उसका विपरीत असर भी देखने को मिला है। इस बात में कोई सक नहीं कि भाजपा एक अनुशासित पार्टी है जहां नेतृत्व द्वारा दिए गए आदेश का सभी कार्यकर्ताओं को पालन करना अनिवार्य होता है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow