भाजपा के स्थापना दिवस पर हफ्ते भर चलेंगे विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम हर प्रकार के पदाधिकारी होंगे शामिल
भारतीय जनता पार्टी आज स्थापना दिवस मनाने जा रही है। स्थापना दिवस पर बूथ स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पार्टी कार्यालयों और कार्यकर्ताओं के निवास पर पार्टी का झंडा फहराया जाएगा एवं कार्यालयों की सजावट कर मिठाई बांटी जाएगी। मुख्यमंत्री मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल एवं क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश कार्यालय में ध्वजारोहण करेंगे। इसके बाद प्रदेश के 14 जिलों में पार्टी के जिला कार्यालयों का भूमिपूजन एवं तीन जिलों में कार्यारंभ समारोह में वर्चुअली सहभागिता कर संबोधित करेंगे। स्थापना दिवस समारोह में वरिष्ठजनों का सम्मान भी किया जायेगा। पूरे प्रदेश में मंडल स्तर पर होने वाले स्थापना दिवस समारोह में प्रदेश कार्यालय में होने वाले भूमिपूजन एवं कार्यरंभ समारोह का लाइव प्रसारण होगा। भाजपा के स्थापना दिवस पर 5, 6 एवं 7 अप्रैल को प्रदेश कार्यालय सहित प्रदेश के सभी मंडल, जिला कार्यालयों को दुल्हन की तरह सजाया गया है। छह अप्रैल को प्रदेश के बूथों पर पार्टी का झंडा फहराकर मिठाई वितरित की जाएगी। इसके बाद पार्टी के इतिहास और विकास यात्रा पर उदबोधन होगा। साथ ही प्राथमिक एवं सक्रिय सदस्य सम्मेलन आयोजित होंगे। 8 और 9 अप्रैल को सक्रिय सदस्यों का सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें 1 वक्ता प्रदेश से और 2 वक्ता जिले से होंगे। 7 से 12 अप्रैल तक गांव-बस्ती चलो अभियान के तहत पार्टी पदाधिकारी, सांसद, विधायक, जिला पंचायत, जनपद पंचायत अध्यक्ष, महापौर, नगर पालिका अध्यक्ष, नगर परिषद अध्यक्ष, सभी पार्षद और पार्टी के सभी कार्यकर्ता अभियान में भाग लेंगे। इस अभियान के अंतर्गत एक विधानसभा में 50 बड़े गांवों में कार्यक्रम होंगे। इन कार्यक्रमों में सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता अभियान, पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान, समाज के विभिन्न वर्गों के बुद्धिजीवियों एवं गणमान्य व्यक्तियों से संपर्क और उनका सम्मान, केन्द्र सरकार एवं एनडीए शासित प्रदेश सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों पर चर्चा की जाएगी।
What's Your Reaction?