'मुफ्त की रेवड़ी' खाने के लिए प्लेट लेकर खड़े हैं कांग्रेस नेता भाजपा में राज्यसभा उम्मीदवार के लिए जारी है माथापच्ची
मध्य प्रदेश से राज्यसभा की तीन सीटें खाली हो रही हैं जिसके लिए अधिसूचना जारी हो चुकी है। लेकिन अब तक भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियां अपने उम्मीदवारों पर सहमति नहीं बना पाई हैं। कांग्रेस हार्स ट्रेडिंग के डर से उम्मीदवार का ऐलान करने में देरी कर रही है तो वहीं भाजपा सोशल इंजीनियरिंग के फेर में अब तक उम्मीदवारों का चयन नहीं कर पाई है। हांलांकि पिछले हफ्ते सीएम हाउस में हुई सरकार और संगठन की समन्वय बैठक में तीनों सीटों के लिए तीन-तीन नामों का पैनल तैयार कर राष्ट्रीय नेतृत्व के पास भेजा गया है लेकिन भाजपा संगठन अपने फैसले पर पुनर्विचार की स्थिति से गुजर रहा है। एमपी से राज्यसभा की कुल 11 सीटें हैं। जिनमें तीन कांग्रेस के खाते में तो आठ भाजपा के खाते में हैं। भाजपा के आठ राज्यसभा सांसदों में एमपी से सामान्य वर्ग के एक भी नेता को मौका नहीं दिया गया है। एमपी बीजेपी से भाजपा ने दो महिला नेतृयों को भी राज्यसभा पहले ही भेज रखा है लिहाजा यह तय है कि किसी पुरुष उम्मीदवार को ही भाजपा दिल्ली का रास्ता दिखाएगी। लेकिन यहां भी काफी अड़चनें हैं। सुरक्षित कोटे की दो ही सीट है जिससे सुमेर सिंह सोलंकी और जार्ज कुर्सियां वर्तमान में हैं। अभी आदिवासी सांसद के रुप में सुमेर सिंह सोलंकी अकेले नेता हैं जिनका रिपीट होना बहुत संशय की बात नहीं होगा। अब जार्ज कुरियन की बारी आती है। जो विधानसभा का भी चुनाव हार गए और पार्टी के अंदर यही बातें चल रही हैं कि जो नेता अपनी विधानसभा सीट नहीं बचा पाया उसे राज्यसभा क्यों भेजा जाए। अगर कुरियन का टिकट भाजपा काटती है तो भाजपा के मुखबिरों के मुताबिक सामान्य वर्ग से किसी ब्राह्मण अथवा क्षत्रिय नेता के नाम को शामिल कर सोशल इंजीनियरिंग का प्रयास किया जा सकता है। इसके अलावा कांग्रेस के खाते वाली सीट के लिए भी भाजपा दांव लगाने के प्रयास में है जिसके लिए सही उम्मीदवार का चयन भाजपा के लिए बड़ी चुनौती साबित हो रहा है। वहीं कांग्रेस हार्स ट्रेडिंग के डर से अभी अपने पत्ते नहीं खोल रही है। ये बात और है कि मुफ्त की रेवड़ी खाने के लिए कांग्रेस के कई नेता प्लेट लेकर खड़े हैं। लेकिन कांग्रेस भाजपा से इतना डरी हुई है कि कांग्रेस नेतृत्व चाहता है कि भाजपा पहले अपना स्टैंड क्लियर कर दे तो उसके हिसाब से उम्मीदवार का ऐलान किया जाए।
What's Your Reaction?