दिल्ली में एमपी बीजेपी के नेता आपस में खेल रहे 'आंख मिचोली' गुपचुप तरीके से राष्ट्रीय टीम के लिए बना रहे जुगाड़
पश्चिम बंगाल का चुनाव खत्म होते ही अब भाजपा में राष्ट्रीय कार्यकारिणी के गठन की सुगबुगाहट तेज हो गई है। राष्ट्रीय टीम में शामिल होने के लिए धीरे-धीरे एमपी बीजेपी के नेता राष्ट्रीय नेतृत्व में पैठ बनाने लगे हैं। गुपचुप तरीके से नेता दिल्ली दौरे कर रहे हैं। कुछ नेता एमपी भवन में रुक रहे हैं तो कुछ अपना दौरा गोपनीय रखने के लिए निजी होटलों में रुक रहे हैं। जिन नेताओं को निगम-मंडल अथवा प्रदेश कार्यकारिणी में स्थान नहीं मिला वो राष्ट्रीय टीम में अपनी संभावनाएं तलाश रहे हैं। हफ्ते भर के अंदर एमपी से करीब दर्जन भर नेता दिल्ली जा चुके हैं। उन नेताओं में अब भी चार से पांच नेता दिल्ली में ही डेरा डाल कर बैठे हैं। मजे की बात यह है कि जो नेता दिल्ली जा रहे हैं वो अपने ही साथियों से आंख मिचोली का खेल खेलते नजर आ रहे हैं। जो भी भाजपा नेता दिल्ली जाता है वो पहले यही पता करता है कि भोपाल से कौन-कौन नेता दिल्ली आया हुआ है। जो नेता एमपी भवन में रुकता है तो रिसेप्सन में यह पता करने की कोशिश करता है कि एमपी से कौन नेता आए हैं। उसके बाद ही वो एमपी भवन में ठहरता है। नितिन नबीन जब राष्ट्रीय अध्यक्ष बने तो एमपी बीजेपी के कई नेताओं ने उनके साथ वाली अपनी फोटो सोशल मीडिया में डाली लेकिन अब जो नेता नितिन नबीन से मिल रहे हैं वो सोशल मीडिया में फोटो डालने से परहेज कर रहे हैं कि कहीं उनका खेल न पलट जाए। Mukhbir को मिली सूचना के अनुसार आमित शाह से मिलने वाले नेताओं की कतार लंबी है। बहुत से नेताओं ने उनसे मिलने के लिए अपना नाम दे रखा है और अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। क्योंकि यह सभी को मालूम है कि अमित शाह से हरी झंडी मिली तो फिर उनका राष्ट्रीय राजनीति में जाने के सफर को कोई रोक नहीं पाएगा। लिहाजा नेता लगातार दिल्ली दरबार में दस्तक देकर अपनी संभावनाएं लगातार तलाश रहे हैं।
What's Your Reaction?