बीजेपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल होने के लिए एमपी के नेताओं की लगी कतार पढ़िए मुखबिर पर दावेदारों के नाम
भारतीय जनता पार्टी ने नितिन नबीन को कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर घोषित कर दिया है। और उम्मीद है कि मकर संक्रांति के बाद नितिन नबीन को पूर्ण रुप से राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित कर दिया जाएगा। इस बीच मप्र बीजेपी के कई नेताओं ने नितिन नबीन को बधाई देने के बहाने दिल्ली की ओर रुख किया और नितिन नबीन से मुलाकात कर न सिर्फ बधाई दी बल्कि लौटते-लौटते धीरे से कान में ये भी कह कर आए कि भाई साहब राष्ट्रीय कार्यकारिणी में मेरा ध्यान रखिएगा। दरअसल नितिन नबीन युवा नेता हैं और एमपी बीजेपी के नेताओं के साथ उनके गहरे संबंध हैं लिहाजा अब उनके राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद सभी नेता अपने संबंधों को भुनाने का प्रयास कर खुद को पार्टी में प्रमोशन कराने की कोशिश में जुट गए हैं। इस लिस्ट में एमपी से बात की जाए तो सीनियर नेताओं से लेकर दूसरी पीढ़ी तक के नेता शामिल हैं जो राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल होने का सपना देख रहे हैं। कुछ नेता ऐसे भी हैं जो चुनाव हार गए और अब राजनीतिक पुनर्वास के तौर पर राष्ट्रीय टीम में शामिल होने का सपना देख रहे हैं। मोहन सरकार में भी कुछ मंत्री हैं जिनकी सीएम से बन नहीं रही और वो चाहते हैं कि यहां कि राजनीति के बजाय केन्द्र की ही राजनीति ठीक है लिहाजा वहीं पर अपनी जड़ें मजबूत की जाएं इसी लिए ऐसे कई वरिष्ठ नेता हैं जो नितिन नबीन के पास लगातार उपस्थिति दर्ज कर खुद को राष्ट्रीय टीम में फिट करने की वकालत कर रहे हैं। सबसे पहले बात करें तो 'घंटा' कांड से सुर्खियों में आए वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय सबसे बड़े दावेदार हैं। उनके बाद प्रहलाद पटेल भी केन्द्रीय राजनीति में फिर लौटने का सपना देख रहे हैं। राकेश सिंह ने भी गुपचुप तरीके से राष्ट्रीय राजनीति में जाने के लिए अपनी मर्जी दिखाई है। पूर्व बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा किस्मत के धनी हैं और उनका जिस प्रकार का प्रदेश अध्यक्ष का कार्यकाल रहा है उसको देखते हुए उनकी एमपी बीजेपी से राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल होने की प्रवल संभावना है। पूर्व गृह मंत्री डाक्टर नरोत्तम मिश्रा भी बड़े दावेदारों में एक हैं। क्योंकि उनकी निकटता राष्ट्रीय नेतृत्व में कई नेताओं से है और जिस प्रकार से चुनाव हारने के बाद भी पार्टी उन पर विश्वास करती रही चुनाव में ड्यूटी लगाती रही है उससे यह उम्मीद है कि वो भी राष्ट्रीय कार्यकारिणी के लिए एमपी से एक बड़े दावेदार हैं। इन नेताओं के अलावा एमपी बीजेपी के संगठन में भी कुछ नेता हैं जो गुपचुप तरीके से राष्ट्रीय टीम में अपनी उपस्थिति दर्ज करने में लगे हैं। इतना ही नहीं कुछ प्रवक्ता भी हैं जो राष्ट्रीय प्रवक्ता के तौर पर खुद को स्थापित करना चाहते हैं और वो भी दिल्ली के दरवार में अपनी हाजिरी लगा रहे हैं। अमित शाह से तो सभी नेता नहीं मिल पाते हैं लेकिन वर्तमान राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन सरल और सहज व्यक्ति हैं जिसका फायदा उठा कर नेता उनसे लगातार मुलाकात कर अपनी बात रखने और उन्हें अपनी उपयोगिता से संतुष्ट करने का प्रयास कर रहे हैं।
What's Your Reaction?