मोदी का आह्वान नहीं मानने वाले नेताओं के खिलाफ होगी कार्रवाई बीजेपी अध्यक्ष खंडेलवाल ने दिया संकेत
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान की उनकी पार्टी के नेता ही हवा निकालते नजर आ रहे हैं। हाल ही में जारी हुई निगम-मंडलों की सूची में जिन्हें अध्यक्ष बनाया गया है वो पदभार ग्रहण करने से पहले बीजेपी प्रदेश कार्यालय में शक्ति प्रदर्शन करने पहुंच रहे हैं। अध्यक्ष बनने के नशे में चूर भाजपा के नेता अपने ही नेता के आह्वान की बखिया उधेड़ रहे हैं जिस पर पार्टी की वक्र दृष्टि पड़ गई है। सोमवार को तो एक नेता करीब दो हजार वाहनों का काफिला लेकर बीजेपी कार्यालय पहुंचा था। चारों तरफ वाहन ही वाहनों की कतार थी। इस मामले को जब मीडिया ने उठाया तो बीजेपी के प्रदेश नेतृत्व के कान खड़े हुए। मंगलवार को भी तीन अध्यक्षों के पदभार ग्रहण का दिन था। लेकिन यहां पर उन नेताओं ने थोड़ी होशियारी दिखाई। अपने क्षेत्रों से तो वो पूरे दल-बल और काफिले के साथ निकले लेकिन कार्यालय पहुंचते ही उन्होंने किराए का ई-रिक्शा बुक किया और उसमें सवार होकर कार्यालय में वाहवाही लूटने का प्रयास किया। लेकिन उन सभी नेताओं की भी पोल खुलते देर नहीं लगी क्योंकि सभी के काफिले प्रदेश कार्यालय के बाहर ही खड़े थे। इतनी संख्या में वाहन बीजेपी कार्यालय और सड़क पर खड़े हुए कि जाम की स्थिति निर्मित हो गई। इस पूरे मामले की जानकारी होते ही प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि पीएम मोदी ने डीजल,पेट्रोल की खपत कम करने का आह्वान किया है। ऐसी स्थिति में भाजपा का जो नेता और कार्यकर्ता फिजूल खर्ची कर शक्ति प्रदर्शन करेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। पार्टी की तरफ से अब निगरानी रखी जा रही है कि ऐसे कौन-कौन नेता हैं जो अपने ही प्रधानमंत्री के आह्वान का मखौल उड़ा रहे हैं। ऐसी स्थिति में अगर पार्टी के नेता ही पीएम मोदी की बात नहीं मानेंगे तो देश की आम जनता कैसे पीएम मोदी की बात मानेगी। गौरतलब है कि पीएम मोदी ने अपने आह्वान पर देश की जनता से अपील करते हुए कहा है कि जो वस्तुएं भारत में नहीं बनती उनकी वो बचत करें जिसमें पेट्रोलियम पदार्थ के अलावा सोने की खरीदी कम करने के लिए भी पीएम मोदी ने कहा है।
What's Your Reaction?