दिग्विजय सिंह का बदला अंदाज बोले-'मैं घोर सनातनी' ऊषा ठाकुर के सामने किया ऐलान
देश भर चुनावी हार का सामना कर रही कांग्रेस का सियासी रुख बदलता दिख रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने खुद को 'घोर सनातनी' बताया है। उन्होंने यह बयान बीजेपी की पूर्व मंत्री ऊषा ठाकुर के सामने दिया।दरअसल,एक कार्यक्रम में दिग्विजय सिंह और ऊषा ठाकुर आमने-सामने आए। दोनों नेताओं के बीच काफी देर तक बातचीत हुई। इस दौरान माहौल बेहद सहज दिखा। दिग्विजय सिंह ऊषा ठाकुर को 'बहन' कहकर संबोधित कर रहे थे, तो ऊषा ठाकुर ने भी उन्हें 'भाई' कहा। दोनों के बीच भाई-बहन जैसी हल्की-फुल्की नोंकझोंक भी देखने को मिली।
'सफाई देने की जरूरत नहीं'
बातचीत के दौरान दिग्विजय सिंह ने कहा, "मैं घोर सनातनी हूं और इसकी मुझे सफाई देने की जरूरत नहीं है।" इस पर ऊषा ठाकुर ने कहा कि यही बात दुनिया के सामने भी कहिए। जवाब में दिग्विजय सिंह ने कैमरे की तरफ इशारा करते हुए कहा, "इससे ज्यादा सार्वजनिक स्थान और क्या हो सकता है।"
कांग्रेस का बदला स्टैंड?
राजनीतिक जानकार इसे कांग्रेस के बदले स्टैंड से जोड़कर देख रहे हैं। लगातार चुनावी हार के बाद पार्टी अब सॉफ्ट हिंदुत्व की राह पर चलती दिख रही है। दिग्विजय सिंह का यह बयान उसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।गौरतलब है कि दिग्विजय सिंह पहले भी कई बार मंदिरों में पूजा-पाठ करते नजर आए हैं, लेकिन 'घोर सनातनी' वाला बयान पहली बार खुलकर दिया है।
What's Your Reaction?