Mukhbir की खबर का असर बीजेपी कार्यालय मंत्री श्याम महाजन ने जिला अध्यक्षों को लिखा पत्र
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में करीब डेढ़ महीने से चल रहे सहयोग सेल को लेकर कार्यालय मंत्री श्याम महाजन ने जिला अध्यक्षों को पत्र लिखा है। जिसमें उन्होने जिला अध्यक्षों से कहा है कि छोटी-मोटी समस्याओं को वो जिला स्तर तक ही निपटा लें। कार्यकर्ताओं को समस्या के कारण प्रदेश कार्यालय में संचालित हो रहे सहयोग सेल तक न आना पड़े। जब कोई बड़ी समस्या हो तभी उन्हे प्रदेश कार्यालय भेजा जाए। गौरतलब है कि कार्यकर्ताओं की समस्याओं को देखते हुए बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने नवाचार शुरु करते हुए सोमवार से शुक्रवार तक प्रदेश कार्यालय में मंत्रियों के बैठने का निर्देश जारी किया था जिसके चलते मंत्री कार्यकर्ताओं की समस्या का समाधान करते थे। लेकिन पिछले कुछ समय से किसी भी प्रकार की छोटी-मोटी समस्या लेकर कार्यकर्ता प्रदेश कार्यालय आने लगे और भीड़ बढ़ने लगी। एक और भी बात देखने को मिल रही है कि शिकायतें तो आ रही हैं लेकिन उनका निराकरण होना अब भी एक सवाल बन गया है। क्योंकि आवेदनों को मंत्री रिमार्क करके संबंधित विभागों में भेज देते हैं लेकिन उनका निराकरण नहीं हो रहा है। यही कारण है कि कार्यकर्ताओं में सहयोग सेल को लेकर भी नाराजगी देखने को मिल रही है। इन सब समस्याओं को देखते हुए ही कार्यालय मंत्री ने जिला अध्यक्षों को पत्र लिख कर निर्देशित करते हुए कहा कि चुनिंदा कार्यकर्ताओं को ही प्रदेश कार्यालय भेजा जाए। गौरतलब है कि Mukhbir द्वारा तीन दिन पहले ही बीजेपी के सहयोग सेल में आ रही शिकायतों को लेकर खबर प्रकाशित की गई थी जिसमें बताया गया था कि कार्यकर्ताओं की भीड़ और शिकायतें तो सहयोग सेल में बढ़ रहीं हैं लेकिन उनका निराकरण हो रहा है अथवा नहीं यह एक बड़ा सवाल हैं क्योंकि प्रदेश कार्यालय की तरफ से अभी तक महीने भर का रिपोर्ट कार्ड सार्वजनिक नहीं किया गया है। Mukhbir में खबर प्रकाशित होने के बाद ही कार्यालय मंत्री ने जिला अध्यक्षों को पत्र लिख कर छोटी-मोटी समस्याओं को जिला स्तर तक ही निपटाने का अनुरोध किया गया है।
What's Your Reaction?