ग्वालियर में तारीफ के बहाने अमित शाह की भाजपा नेताओं को दो टूक बैठक के जल्द दिखेंगे नतीजे

Dec 26, 2025 - 08:11
 0  187
ग्वालियर में तारीफ के बहाने अमित शाह की भाजपा नेताओं को दो टूक बैठक के जल्द दिखेंगे नतीजे

अमित शाह ग्वालियर फिर रीवा के दौरे पर पहुंचे उसके पहले उन्होंने ग्वालियर में सरकार और संगठन के साथ बैठक कर महत्वपूर्ण राजनीतिक चर्चा की। सीएम मोहन यादव,अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बीच हुई बैठक प्रदेश की राजनीति में काफी मायने रखती है। आमतौर पर दिल्ली में तो बैठकें होती रहती हैं लेकिन जब एमपी की धरती पर बैठक होती है तो उसका महत्व अलग होता है। दरअसल भाजपा में ग्वालियर-चंबल से बड़े नेता आते हैं। एमपी की राजनीति में उस क्षेत्र के नेताओं का काफी दबदबा है। इसके बाद भी जब चुनाव की बारी आती है तो ग्वालियर-चंबल में भाजपा के लिए अपेक्षित परिणाम नहीं आते। जबकि नेताओं के वरिष्ठता की बात करें तो ज्योतिरादित्य सिंधिया,नरेन्द्र सिंह तोमर पूर्व गृह मंत्री डाक्टर नरोत्तम मिश्रा सहित अन्य नेता हैं जो एमपी के राजनीति की धुरी हैं उसके बाद भी भाजपा के लिए अपेक्षित परिणाम नहीं आना केन्द्रीय नेतृत्व के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। ग्वालियर में अमित शाह ने सभी नेताओं के साथ बैठक कर क्षेत्र में भाजपा के परफार्मेंस को लेकर चर्चा की है। इसके अलावा बैठक के दौरान अनुशासन भी एक महत्वपूर्ण मुद्दा रहा है। जो पिछले कुछ महीने से भाजपा की सरकार में अनेकों बार तार-तार होता रहा है। अब तक निगम मंडलों की नियुक्ति नहीं हो पाना भी भाजपा के लिए चुनौती बना हुआ है। जिस प्रकार से सरकार और संगठन के फैसले तीसरा व्यक्ति ले रहा है वो पार्टी पदाधिकारियों के गले की फांस बन रहा है। इन सभी विषयों को लेकर अमित शाह ने गंभीर चर्चा की है। इस बैठक के दौरान कुछ वरिष्ठ नेताओं के राजनीतिक पुनर्वास को लेकर भी चर्चा हुई है। लिहाजा यह माना जा रहा है कि आने वाले कुछ दिन भाजपा के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण होने वाले हैं जिसमें कई बदलाव के साथ कुछ वरिष्ठ नेताओं की राजनीति में फिर से सहभागिता देखने को मिल सकती है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow