राजेन्द्र शुक्ल कैलाश विजयवर्गीय और विजय शाह की बोलती बंद करेगी कांग्रेस
16 फरवरी से शुरु हो रहे मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र में कांग्रेस आक्रामक रुख अपनाने जा रही है। कांग्रेस पार्टी ने तय किया है कि तीन मंत्रियों को सदन में बोलने नहीं दिया जाएगा। गौरतलब है कि छिंदवाड़ा, बैतूल और पांढुर्णा में जहरीले कफ सिरप कोल्ड्रिंक के कारण 25 बच्चों की मौत, इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित जल से 35 मौत के साथ सेना अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर असभ्य टिप्पणी का मुद्दा विधानसभा में कांग्रेस जोर-शोर से उठाने की तैयारी में है। कांग्रेस का आरोप है कि स्वास्थ्य मंत्री राजेन्द्र शुक्ल के कार्यकाल में बच्चों की मौत हुई और उन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। वहीं इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित जल पीने से हुई मौत के बाद भी कैलाश विजयवर्गीय के खिलाफ भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। वहीं कर्नल सोफिया कुरैशी पर विवादित बयान देने के बाद विजय शाह के खिलाफ भी सरकार और संगठन ने कोई एक्शन नहीं लिया है। इन सभी मामलों को दृष्टिगत रखते हुए कांग्रेस पार्टी के विधायकों ने तीनों मंत्रियों को विधानसभा में नहीं बोलने देने का फैसला किया है। कांग्रेस विधायक दल की बैठक में रणनीति बना कर तीनों मंत्रियों को घेरने की योजना तैयार होगी। इस बात में कोई सक नहीं है कि मोहन सरकार में अलग-अलग कारणों से कई लोगों की मौत हो चुकी है उसके बाद भी सरकार और संगठन जातीय संतुलन बनाए रखने के लिए मौन रहे और किसी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जिसके कारण न सिर्फ विपक्ष आक्रामक हो रहा है बल्कि प्रदेश की जनता भी सरकार के इस रवैए से काफी नाराज हैं।
What's Your Reaction?