भाजपा के प्रदेश कार्यालय 'प्रभारी' को लेकर सस्पेंश, कई नेता कार्यालय प्रभारी बनने की जता चुके इच्छा
मप्र भाजपा में कार्यालय मंत्री के तौर पर श्याम महाजन की घोषणा हो चुकी है लेकिन अभी तक प्रदेश कार्यालय प्रभारी को लेकर अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने अपने पत्ते नहीं खोले हैं। पूर्व में यह जिम्मेदारी भगवानदास सबनानी के पास थी लेकिन इस बार उन्हे कार्यकारिणी में स्थान नहीं मिला है। भगवानदास सबनानी प्रदेश महामंत्री होने के साथ कार्यालय प्रभारी का भी दायित्व निभा रहे थे। भाजपा में आमतौर पर परंपरा रही है कि लोकल व्यक्ति यानि जो नेता ज्यादातर भोपाल में रहता हो उसी को कार्यालय प्रभारी बनाया जाता था। उस लिहाज से राहुल कोठारी एक मजबूत दावेदार के तौर पर हैं और उनको प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी भी दी गई है। लेकिन Mukhbir को मिली सूचना के अनुसार भाजपा अध्यक्ष इस बार कुछ नवाचार करने की योजना बना रहे हैं। मतलब साफ है कि कार्यालय प्रभारी प्रदेश महामंत्री ही हो यह जरुरी नहीं है। किसी ऐसे व्यक्ति को जिम्मेदारी दी जा सकती है जो ज्यादा से ज्यादा समय प्रदेश कार्यालय में दे सके क्योंकि कार्यालय प्रभारी के पास प्रदेश अध्यक्ष के बाद सबसे ज्यादा जिम्मेदारियां होती हैं। जो भी अभियान संचालित होते हैं सभी की रुप रेखा कार्यालय प्रभारी ही तय करते रहे हैं। भगवानदास सभी चीजों के लिए एक मझे हुए खिलाड़ी थे लिहाजा उनकी टक्कर के व्यक्ति को ढूढना प्रदेश अध्यक्ष के लिए एक बड़ी चुनौती है। फिलहाल कार्यालय प्रभारी पद को लेकर दावेदारों की एक बड़ी लिष्ट प्रदेश अध्यक्ष के पास पहुंच चुकी है। अब हर कार्यकर्ता और पदाधिकारी की जुवां पर यही सवाल है कि अगला प्रदेश कार्यालय प्रभारी कौन होगा। माना यह भी जा रहा है कि जिन 25 पदाधिकारियों की अभी घोषणा हुई है उनसे हट कर किसी अन्य व्यक्ति को कार्यालय प्रभारी का दायित्व सौंपा जा सकता है। क्योंकि प्रदेश अध्यक्ष लगातार इस बात का उल्लेख करते रहे हैं कि एक व्यक्ति एक पद को वो ज्यादा महत्व देंगे ऐसे में ज्यादा से ज्यादा लोगों को पद भी मिल पाएगा और ज्यादा लोगों को अध्यक्ष संतुष्ट कर पाएंगे।
What's Your Reaction?