भाजपा सरकार को विपक्ष की जरुरत नहीं उसके मंत्री और विधायक ही पोल खोलने के लिए पर्याप्त
जिस भाजपा के अनुशासन की दूसरी पार्टियां दुहाई दिया करती थी उसी भाजपा सरकार का अनुशासन अब आए दिन तार-तार हो रहा है लेकिन सरकार और संगठन की तरफ से कोई ठोस कार्यवाही नहीं की जा रही है। दरअसल एक दौर हुआ करता था जब सरकार या फिर संगठन से अलग लाइन बनाने वाले नेता के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए जाते थे लेकिन पिछले कुछ साल में सरकार और संगठन दोनों में ही काफी बदलाव आया है। जिस तरह से कांग्रेस में कल्चर चला करता था अब ठीक वही कल्चर भाजपा में देखने को मिल रहा है। हाल ही में मंत्री प्रतिमा बागरी का एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें वो सड़क की पोल खोलती नजर आई हैं। प्रतिमा बागरी के वीडियो की प्रदेश भर में अलग-अलग तरह की प्रतिक्रिया मिल रही है। इसके पीछे एक बड़ा कारण ये भी बताया जा रहा है कि प्रतिमा बागरी ने लोक निर्माण विभाग के कुछ अधिकारियों का तबादला करने के लिए कहा था लेकिन तबादले नहीं हुए जिससे प्रतिमा बागरी काफी नाराज हैं। इसी लिए उन्होंने सड़क के बहाने न सिर्फ लोक निर्माण विभाग की बल्कि सरकार की भी पोल खोल दी है। जिन मंत्री ने सरकार की पोल खोली है कुछ दिन पहले उन्हीं प्रतिमा बागरी के भाई को गांजा तस्करी मामले में गिरफ्तार किया गया है। पार्टी की तरफ से प्रतिमा बागरी को पहले ही समझाइस दी जा चुकी है लेकिन उस समझाइस का कोई प्रभाव नहीं पड़ा क्योंकि अब मंत्रियों-विधायकों पर संगठन के डंडे का डर नहीं रह गया है। पिछले कुछ समय से भाजपा के सिर्फ एक विधायक नहीं बल्कि विजय शाह सहित अलग-अलग नेता विवादित बयान देकर पार्टी की समस्याएं बढ़ाते रहे हैं और उसके बाद भी संगठन की तरफ से ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण भाजपा सरकार में आए दिन इस प्रकार के मामले देखने को मिल रहे हैं।
What's Your Reaction?