बीजेपी अध्यक्ष ने पुष्प गुच्छ और गमछे से किया परहेज संगठनात्मक चर्चा और संवाद के लिए समय निकालने का किया आग्रह
मप्र बीजेपी अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की सादगी का कोई जवाब नहीं हैं। अध्यक्ष बनते ही अपने जन्मदिन पर होर्डिंग बैनर न लगाने की अपील कर चर्चा में आए बीजेपी अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल प्रदेश कार्यालय में नवाचार करने से बिलकुल भी पीछे नहीं हटते। कार्यकर्ताओं की समस्या का निराकरण करने के लिए बीजेपी अध्यक्ष ने सहयोग सेल बना कर सोमवार से शुक्रवार तक मंत्रियों को कार्यालय में दो घंटे बैठने के लिए अनिवार्य कर दिया। अब प्रदेश अध्यक्ष ने एक और नवाचार किया है। प्रदेश अध्यक्ष खुद सोमवार और मंगलवार को प्रदेश कार्यालय में मौजूद रह कर पार्टी के कार्यकर्ताओं से और पदाधिकारियों से मुलाकात करने के साथ पार्टी की गतिविधियों के बारे में बात करते हैं। इस बीच जो भी कार्यकर्ता उनके पास आते थे तो उनका अधिकतर समय पुष्प गुच्छ और अंग वस्त्र की औपचारिकताओं में लग जाता था जिसके कारण संगठनात्मक चर्चा कम हो पाती थी। इन सब बातों को ध्यान में रखते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने अब एक और नवाचार शुरु कर कार्यकर्ताओं को हैरान कर दिया है। प्रदेश अध्यक्ष के चेंबर के बाहर जो वेटिंग रुम है उसमें एक पोस्टर चस्पा किया गया है। जिसमें लिखा है कि 'भेंट करने वाले कार्यकर्ताओं पदाधिकारियों से निवेदन है कि गुलदस्ता,गमछा और भेंट,उपहार आदि लेकर न आएं। अपना समय संगठनात्मक चर्चा और सार्थक संवाद में उपयोग करें'। प्रदेश अध्यक्ष के इस फैसले पर कार्यालय में अलग-अलग तरह की चर्चाएं हैं। लेकिन कार्यकर्ताओं के बीच खुशी है कि औपचारिकताओं से हट कर अब काम की बात होगी। इससे अध्यक्ष से बात करने का ज्यादा समय मिल पाएगा।
What's Your Reaction?