'शक्ति' प्रदर्शन दिखाने पर भाजयुमो अध्यक्ष श्याम टेलर की संगठन ने लगाई 'क्लास'
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सादगी भरा जीवन जीने पर यकीन रखते हैं। और वो चाहते हैं कि सभी मोर्चों के पदाधिकारी भी उनका अनुसरण करें। छह मोर्चों के पदाधिकारियों ने अध्यक्ष की बातों का अनुसरण कर महज कुछ औपचारिकताओं के साथ अपना कार्यभार ग्रहण किया लेकिन जब भाजपा युवा मोर्चा के नव नियुक्त अध्यक्ष श्याम टेलर की बारी आई तो उन्होंने शक्ति प्रदर्शन कर प्रदेश अध्यक्ष की बातों को दरकिनार कर दिया। जिस प्रकार से भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष ने शक्ति प्रदर्शन किया तो संगठन के अन्य पदाधिकारियों को भी ये बात हजम नहीं हो पाई। गुरुवार को तो संगठन की तरफ से कुछ नहीं कहा गया लेकिन शुक्रवार को जब प्रदेश अध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारी प्रदेश कार्यालय पहुंचे तो भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष श्याम टेलर को बुलाया गया जहां बंद कमरे में श्याम टेलर की क्लाश लगा दी गई। संगठन की तरफ से भाजयुमों अध्यक्ष को साफ तौर पर कहा गया है कि यहां दिखावे के लिए समय नहीं है। आपको अध्यक्ष बनाया गया है तो पार्टी का काम करने के लिए जश्न मनाने अथवा शक्ति प्रदर्शन करने के लिए नहीं। भाजपा अध्यक्ष खंडेलवाल ने कहा कि जोश में होश मत खोइए। भाजपा एक कैडर बेस पार्टी है लिहाजा यहां दिखावे के बजाय काम करके विश्वास हासिल किया जाता है। गौरतलब है कि गुरुवार को भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर ने पदभार ग्रहण किया था उससे पहले उन्होंने राजधानी समेत अन्य जगहों पर जमकर शक्ति प्रदर्शन किया था जिसके कारण वरिष्ठ नेताओं की भौंहें तनी हुई थी। फिलहाल प्रदेश नेतृत्व की तरफ से चेतावनी देकर साफ शब्दों में कह दिया गया है कि काम कीजिए और काम दिखाने के बाद जश्न मनाइए।
What's Your Reaction?