दतिया में उप चुनाव का 'काउंटडाउन' शुरु अगले हफ्ते लगेगी मुहर उससे पहले राजनीतिक सरगर्मी तेज
ग्रामीण विकास बैंक घोटाला मामले में अपनी सजा और दोषसिद्धि को चुनौती देते हुए दतिया से कांग्रेस के पूर्व विधायक राजेन्द्र भारती ने एक साथ कई याचिकाएं दाखिल की हैं। गौरतलब है कि एक अप्रैल को दिल्ली की विशेष एमपी-एमएलए कोर्ट ने उन्हें इस मामले में दोषी ठहराते हुए तीन साल की सजा सुनाई थी। इसके खिलाफ उन्होंने हाईकोर्ट का रुख किया है। हाईकोर्ट ने मध्य प्रदेश सरकार से उनकी याचिका पर जवाब मांगा, जिसमें उन्होंने अपनी सजा और दोषसिद्धि को चुनौती दी। साथ ही, अदालत ने उस अलग याचिका पर भी नोटिस जारी किया, जिसमें भारती ने अपनी सजा और दोषसिद्धि पर रोक लगाने की मांग की लेकिन कोर्ट ने इस पर अभी कोई तत्काल राहत नहीं दी है। पूर्व विधायक ने एक और याचिका दाखिल कर चुनाव आयोग को निर्देश देने की मांग की है कि वह दतिया विधानसभा सीट पर चुनाव कार्यक्रम की घोषणा न करे। यह सीट उनकी सदस्यता रद्द होने के बाद खाली हुई है। हालांकि, अदालत ने इस मांग पर भी फिलहाल कोई रोक नहीं लगाई और चुनाव प्रक्रिया जारी रखने पर रोक से इनकार कर दिया।कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई 15 अप्रैल तय की है, जहां सभी पक्षों के जवाबों पर विचार किया जाएगा। कानूनी जानकारों का मामले में कहना है कि दतिया में उप चुनाव होना तय है क्योंकि राजेन्द्र भारती को कोर्ट से राहत मिलने की संभावना न के बराबर है। वहीं भारतीय जनता पार्टी में भी अब दतिया चुनाव को लेकर सुगबुगाहट तेज हो गई है। नेता खुद कर तो नहीं लेकिन फुसफुसाहट का दौर जरुर तेज हो गया है।
What's Your Reaction?