एमपी विधानसभा में तीन राज्यों के 45 वर्ष आयु तक के 70 विधायक बताएंगे अपने अनुभव
मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर आए दिन नवाचार कर युवा विधायकों को कुछ नया सिखाने का प्रयास करते रहते हैं। इसी कड़ी में मध्य प्रदेश की विधानसभा में पहली बार युवा विधायकों का सम्मेलन आयोजित होने वाला है। इसमें मध्य प्रदेश सहित राजस्थान और छत्तीसगढ़ के करीब 70 विधायक शामिल होने जा रहे हैं। इस सम्मेलन के माध्यम से लोकतंत्र में नागरिकों की भागीदारी मजबूत करने में विधायकों की भूमिका और 2047 तक समृद्ध राष्ट्र बनने के दौरान आने वाली चुनौतियों पर मंथन होगा। सम्मेलन 30 और 31 मार्च को आयोजित होगा। Mukhbir को मिली जानकारी के अनुसार कार्यक्रम में 45 वर्ष की आयु तक के विधायकों को आमंत्रित किया गया है। इसमें मध्य प्रदेश के 37, राजस्थान के 22 और छत्तीसगढ़ के 15 विधायक हैं। दो दिन में विधायक जहां अपने-अपने क्षेत्र में हो रही विकास की गतिविधियों पर चर्चा करेंगे, वहीं विधानसभा के अनुभव भी साझा करेंगे। सम्मेलन के लिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के साथ राजस्थान और छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्षों को आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विधानसभा के अधिकारी और कर्मचारी लगातार मेहनत कर रहे हैं जिससे अन्य राज्यों से आने वाले विधायक एमपी विधानसभा के अविस्मरणीय पलों को लेकर जाएं और यहां के अनुभवों को अपने क्षेत्रों में बता सकें।
What's Your Reaction?