दतिया उप चुनाव के लिए भाजपा पदाधिकारियों ने किया मंथन दिल्ली भेजा गया नाम पूर्व गृह मंत्री के नाम पर मुहर लगना लगभग तय
मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट में 30 जुलाई को मतदान होना है। उसके पहले भाजपा और कांग्रेस के सामने प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया को पूर्ण करना एक बड़ी चुनौती है। भारतीय जनता पार्टी की तरफ से तो नेता तय हैं लेकिन औपचारिकता पूर्ण करना जरुरी था लिहाजा रविवार को भोपाल के 74 बंगला स्थित आवास पर करीब एक घंटे तक मंथन का दौर चला। इस मंथन में राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिवप्रकाश,सीएम मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल शामिल थे। बैठक में उम्मीदवार के लिए दावेदारों के नाम का पैनल शिवप्रकाश के सामने रखा गया। बैठक में पैनल फाइनल कर दिल्ली केन्द्रीय नेतृत्व को भेज दिया गया है। मुखबिर को मिली सूचना के अनुसार औपचारिकता के लिए तीन नामों का पैनल तैयार किया गया है। जिसमें पूर्व गृह मंत्री डाक्टर नरोत्तम मिश्रा का पहला नाम है। पार्टी के मुखबिरों का साफ कहना है कि सारी चीजें पहले से फायनल हैं लेकिन भाजपा का जो नियम और औपचारिकताएं हैं उन्हें पूरा करना जरुरी है लिहाजा बैठक कर तीन नामों का पैनल बनाया गया है जबकि पूर्व गृह मंत्री के नाम करीब-करीब पहले ही मुहर लग चुकी है। इस बैठक में प्रत्याशी चयन के अलावा ये भी तय किया गया है कि उप चुनाव जीतने के लिए वरिष्ठ और अनुभवी नेताओं की टीम भी दतिया में उतारी जाएगी। मतलब साफ है दतिया का उप चुनाव भाजपा के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बन चुका है। जिसका सबसे बड़ा कारण यह है कि प्रदेश में भाजपा की सरकार है और अगले वर्ष नगरीय निकाय चुनाव भी होने हैं। ऐसी स्थिति में दतिया का उप चुनाव जीत कर भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच एक बड़ा मैसेज देना चाहती है कि जनता का विश्वास भाजपा पर बना हुआ है।
What's Your Reaction?