मुख्य सचिव अनुराग जैन की अधिकारियों को दो-टूक कहा पुलिस का डर कहां है अवैध उत्खनन क्यों नहीं रुक रहे
मुख्य सचिव अनुराग ने बुधवार को संभागायुक्त-कलेक्टर, डीआइजी, पुलिस कमिश्नर और एसपी की बैठक लेते हुए उन्हें प्रशासनिक अमले में कसावट लाने के लिए दो-टूक शब्दों में निर्देश दिया है। मंत्रालय में आयोजित बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने कहा कि सभी अफसर सचेत रहें। जिले में कोई अवैध काम न हो। जनता के काम न अटके। ऐसा हुआ तो ठीक नहीं होगा। कहीं, अवैध खनन नहीं होना चाहिए। गौरतलब है कि मुख्य सचिव कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस में दिए लक्ष्यों की वर्चुअली समीक्षा कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने पिछड़े जिलों के कलेक्टरों के काम पर आपत्ति जताते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। अनुराग जैन ने कहा कि अच्छा करने वालों का हौसला बढ़ाया जाएगा। मुख्य सचिव ने कहा कि कुछ अधिकारियों के काम से सीएम नाराज हैं। लक्ष्य के हिसाब से सीएम हेल्पलाइन (CM Helpline) की शिकायतों का निपटारा नहीं हो रहा। जिलों में अवैध खनन हो रहा है। मातृ और शिशु मृत्यु दर कम करने में ठीक से काम नहीं हो रहा। जनता के काम अधिकारी-कर्मचारी अटका रहे हैं। कई नवजातों को भिंड से ग्वालियर रेफर किया जा रहा है। कलेक्टर से कहा, भिंड में अच्छा इलाज दें। भिंड एसपी से कहा कि अवैध खनन हो रहा है। पुलिस का डर कहां है? ऐसे नहीं चलेगा। समीक्षा में पता चला, रीवा ने 44, जबलपुर 21, भोपाल ने 14, छतरपुर ने 11, ग्वालियर ने 5 मरीजों को एयर एंबुलेंस सेवा उपलब्ध कराई। 32 जिलों ने नहीं कराई।
What's Your Reaction?