सियासी पिच से 'क्लीनबोल्ड' हो चुके कमलनाथ ने डिनर की टेबल पर कांग्रेस विधायकों को दिया गुरु मंत्र
किसी समय में मध्य प्रदेश से कांग्रेस का सबसे बड़ा चेहरा रहे पूर्व सीएम कमलनाथ की राजनीति अब महज डिनर की टेबलों तक सीमित होकर रह गई है। और इसकी बानगी गुरुवार रात उस वक्त देखने को मिली जब कमलनाथ के निवास पर कांग्रेस के विधायकों को डिनर के लिए आमंत्रित किया गया। कमलनाथ वर्तमान में विधायक हैं और विधानसभा में उनकी उपस्थिति न के बराबर होती है। बजट सत्र चल रहा है और अभी तक कमलनाथ चार बैठकों में सिर्फ एक दिन खानापूर्ति के लिए विधानसभा पहुंचे थे। वर्तमान कांग्रेस में सबसे सीनियर विधायक और नेता होने के नाते उनकी उपस्थिति विधानसभा में होनी चाहिए लेकिन पार्टी नेतृत्व में हुए बदलाव और पार्टी द्वारा उन पर अविश्वास अब साफ दिखाई देने लगा है। जिस प्रकार से साल 2024 में कमलनाथ की कांग्रेस छोड़ भाजपा में जाने की खबरें परवान चढ़ी तो केन्द्रीय नेतृत्व ने भी उनसे किनारा कर लिया। जो नेता किसी जमाने में कांग्रेस की आंख के तारे के रुप में जाने जाते थे वहीं कमलनाथ अब कांग्रेस के आंख की किरकिरी बन चुके हैं। राजनीतिक शाख खो चुके कमलनाथ अब अपने बेटे को सियासी पिच पर स्थापित करने के लिए जी तोड़ मेहनत कर रहे हैं। कहते हैं डूबते हुए को तिनका भी सहारा होता है लिहाजा अब कमलनाथ के नैया की पतवार जीतू पटवारी और उमंग सिंघार जैसे नेताओं के हाथ में है। इसी लिए गुरुवार की रात कमलनाथ ने अपने निवास पर कांग्रेस विधायक दल को डिनर पर बुलाया जहां लजीज व्यंजनों के बीच कमलनाथ ने विधायकों को सरकार को घेरने के लिए टिप्स दिया। लेकिन कमलनाथ की इस डिनर पार्टी से भी कुछ नेता नदारत रहे जिसमें अजय सिंह (राहुल) और पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह जैसे नेता शामिल हैं जिन्होंने कमलनाथ की डिनर पार्टी में दिलचस्पी नहीं दिखाई।
What's Your Reaction?