दतिया की तरह क्लस्टर और बूथ प्रबंधन का माडल नगरीय निकाय चुनाव में अपनाएगी कांग्रेस रीवा में राहुल गांधी की होगी सभा
दतिया उपचुनाव की जीत से उत्साहित मध्य प्रदेश कांग्रेस अब वही फार्मूला नगरीय निकाय और जिला पंचायत के चुनाव में अपनाने जा रही है। मंगलवार को प्रदेश कार्यालय में हुई राजनीतिक समिति की बैठक में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने पांच घंटे तक मंथन किया। बैठक में पूर्व सीएम कमलनाथ और अरुण यादव शामिल नहीं हुए। दिग्विजय सिंह केरलम से वर्चुअली शामिल हुए थे। मिशन 28 के चुनावी तैयारियों में जुटी कांग्रेस पार्टी अब नए सिरे से गठित करने के लिए पुरानी कार्यकारिणी को भंग करने की तैयारी कर रही है। एक दो सप्ताह में नई कार्यकारिणी घोषित करने की तैयारी है। कांग्रेस की बैठक में अनुशासन पर भी काफी जोर दिया गया है। इसके अलावा इंटरनेट मीडिया पर विवादित पोस्ट करने वालों को भी चिन्हित करने की योजना बनाई गई है। नगरीय निकाय चुनाव के लिए अभी से उम्मीदवारों का पैनल बनाने के लिए कहा गया है। सभी जिला अध्यक्षों को तीन-तीन नामों का पैनल बनाने के निर्देश दिए गए हैं। राज्य सरकार के खिलाफ कांग्रेस ने कुछ बड़े आंदोलन करने की योजना भी बनाई है। बैठक में विंध्य पर भी फोकस किया गया है। लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की रीवा में एक जनसभा भी कराने की योजना तैयार की गई है। कांग्रेस नेतृत्व ने अब यह स्पष्ट कर दिया है कि साल 2028 में होने वाला विधानसभा चुनाव भाजपा के लिए आसान नहीं होने वाला है। जिस प्रकार से कांग्रेस अपनी तैयारियों को धरातल में उतारने का प्रयास कर रही है उससे यह तय है कि कांग्रेस एक मजबूत चुनौती देने का प्रयास कर रही है। ये बात और है कि कांग्रेस के सारे फैसले सिर्फ बैठकों तक ही सीमित होते हैं। उन सभी फैसला का धरातल से कोई लेना देना नहीं होता है।
What's Your Reaction?