भाजपा के विवाद को 'खंड खंड' करने के लिए हेमंत ने बढ़ाया कदम 'सीजफायर' पर बनी सहमति
मप्र भाजपा में अलग-अलग अंचलों में चल रही आंतरिक कलह को अब प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने खत्म करने के लिए कदम बढ़ा दिया है। जिस प्रकार से बुंदेलखंड में गोविंद सिंह राजपूत,भूपेन्द्र सिंह और गोपाल भार्गव के बीच आंतरिक कलह चल रही है वो अब किसी से छिपी नहीं है। सागर की लहरों से होते हुए उस विवाद की बूंदें भोपाल और दिल्ली तक पहुंच चुकी हैं। और वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष के सामने ये बड़ी चुनौती है कि इन नेताओं के बीच चल रहे विवाद को कैसे खत्म किया जाए। विवाद खत्म करने के लिए प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल और संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने प्रयास भी किया है। बुधवार को जब बीजेपी अध्यक्ष खंडेलवाल सागर पहुंचे तो न चाहते हुए भी इन सियासी दुष्मनों को एक साथ आना पड़ा। और जब डिनर की टेबल में अध्यक्ष के साथ में नेता बैठे तो दोनों आमने-सामने थे। तस्वीरों में तो सभी नेताओं के चेहरे पर मुस्कुराहट दिख रही है पर दिलों की कड़वाहट का क्या। लजीज व्यंजनों से दिल की कड़वाहट को भी खत्म करने का प्रदेश अध्यक्ष ने भरपूर प्रयास किया। एक दूसरे के घर जाकर जब इन नेताओं ने भोजन किया तो कार्यकर्ताओं को थोड़ा फीलगुड का अहसास हुआ। दो साल की कड़वाहट, सुरखी- जैसीनगर की लड़ाई और मंचों पर हुए कटाक्षों के बाद अचानक आई यह मुलायमियत देखने योग्य जरुर थी लेकिन उस पर भरोसा करना फिलहाल कठिन है। यह तस्वीर जितनी शांत दिखी,उसके पीछे का इतिहास इतना ही तूफानी है कि कार्यकर्ता भी आधी मुस्कान और आधे संशय में पूछ रहे हैं,ये नजदीकी कितने दिन चलेगी? अगले बयान तक या अगले विवाद तक।
What's Your Reaction?