‘टपोरी लाल’ ‘ढपोरशंख’ और ‘दो कौड़ी' तक पहुंची एमपी की राजनीति सीएम मोहन यादव ने साधा निशाना
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रविवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी पर हमला करते हुए भाषाई मर्यादा को भी लांघ दिया। सीएम मोहन यादव ने कहा कि जीतू पटवारी ‘टपोरी लाल’, ‘ढपोरशंख’ और ‘दो कौड़ी का प्रदेश अध्यक्ष’ है।यादव ने कहा कि उनकी सरकार काम करना भी जानती है और ‘नाकाम’ से निपटना भी जानती है। सीएम मोहन यादव ने इंदौर के घटनाक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस को उम्मीदवार तक नहीं मिल रहे थे। और कांग्रेस अपने कर्मों का फल भुगत रही है। दरअसल एमपी के शुजालपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम डॉ. मोहन यादव ने जीतू पटवारी के 'अभिनंदन लाल' वाले तंज का बेहद आक्रामक अंदाज में जवाब दिया। मुख्यमंत्री ने मंच से दो टूक लहजे में कहा, हां, हम तो अभिनंदन लाल हैं, लेकिन तुम टपोरी लाल हो। डॉ. यादव यहीं नहीं रुके, उन्होंने जीतू पटवारी की नेतृत्व क्षमता पर सवाल उठाते हुए उन्हें 'दो कौड़ी का अध्यक्ष' तक कह डाला। मुख्यमंत्री ने तंज कसा कि कांग्रेस के इतिहास में ऐसा अध्यक्ष कभी नहीं देखा गया, जिसके रहते इंदौर जैसी बड़ी लोकसभा सीट का उम्मीदवार ही ऐन वक्त पर मैदान छोड़कर भाग गया हो। मुख्यमंत्री यहीं नहीं रुके उन्होंने आगे कहा कि जो नेता अपनी खुद की विधानसभा सीट नहीं बचा पाया और 40 हजार वोटों के बड़े अंतर से चुनाव हार गया, उसे आज कांग्रेस ने सूबे की कमान सौंप रखी है। गौरतलब है कि इस जुवानी जंग का आगाज विंध्य की धरती सतना से हुआ था जहां युवा संवाद कार्यक्रम के दौरान जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को घेरने के लिए नया नाम दिया था। पटवारी ने भरे मंच से जनता से पूछा था कि मुख्यमंत्री को कौन-कौन जानता है? इसके बाद उन्होंने तंज कसते हुए सीएम को 'मोहन लाल अभिनंदन यादव' कहा था। सीएम ने आज शुजालपुर में इसी बयान पर पलटवार करते हुए कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। फिलहाल सीएम के बयान पर कांग्रेस में खामोशी का माहौल है। लेकिन यह तय है कि यह खामोशी आने वाले तूफान का भी संकेत दे रही है।
What's Your Reaction?