अब फ्रंट फुट से बैटिंग कर रहे भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल संगठनात्मक नियुक्तियों में आई तेजी से दिखने लगा प्रभाव
भारतीय जनता पार्टी एक कैडरबेस पार्टी के रुप में जानी जाती है। भाजपा का संगठनात्मक ढांचा ही उसकी मजबूती का आधार माना जाता है। लेकिन संगठन को संचालित करने में प्रदेश अध्यक्ष की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। सुरुआती दौर में धीमी गति से चलने वाली संगठनात्मक नियुक्तियों ने अब जिस प्रकार से रफ्तार पकड़ी है उससे यह समझ में आने लगा है कि प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल अब फ्रंट-फुट से बैटिंग करने के लिए तैयार हैं। नवरात्रि प्रारंभ होते ही पार्टी में नियुक्तियों का दौर शुरु हो गया और भाजपा प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं की भीड़ बढ़ने लगी। एक-एक करके वरिष्ठ पदाधिकारी भी प्रदेश कार्यालय में लगातार बैठ रहे हैं। राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश से लेकर अजय जामवाल और प्रदेश प्रभारी महेन्द्र सिंह सहित सभी वरिष्ठ नेता प्रदेश कार्यालय में सिर्फ बैठक नहीं कर रहे बल्कि प्रदेश के कलग-अलग अंचलों से आए कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रहे हैं और उसके साथ ही रायशुमारी कर स्थानीय राजनीति की जानकारी जुटा रहे हैं। इस बात में कोई सक नहीं कि प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल शांत स्वभाव वाले नेता हैं। वो ज्यादा से ज्यादा कार्यकर्ताओं से प्रत्यक्ष रुप से मिलने और उनकी समस्याएं सुनने पर विश्वास रखते हैं। इसी लिए उन्होंने हफ्ते में दो दिन प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं से मिलने और उनकी समस्याओं को सुनने के लिए समय आरक्षित कर रखा है। समय के साथ-साथ प्रदेश अध्यक्ष का प्रभाव पार्टी में दिखने लगा है। जो कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष की कार्यशैली से परिचित नहीं थे अब वही कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष की तारीफ भी करने लगे हैं। प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल पार्टी में वरिष्ठ नेताओं को एकजुट करने में सफल हुए हैं या नहीं लेकिन पार्टी के कार्यकर्ताओं में एकजुटता को स्थापित करने में अब प्रदेश अध्यक्ष सफल होने लगे हैं। प्रदेश कार्यालय में एक अच्छा माहौल और अनुशासन बना रहे उसकी कवायद लगातार देखने को मिल रही है।
What's Your Reaction?