मप्र में अधिकारियों का रिपोर्ट कार्ड तैयार करवा रहा सामान्य प्रशासन विभाग उसके बाद होंगे तबादले
मुख्य सचिव अनुराग जैन अब हर अधिकारी के काम पर नजर रखने जा रहे हैं। और अधिकारियों की परफार्मेंस रिपोर्ट के आधार पर ही उनके तबादले किए जाएंगे। Mukhbir को मिली सूचना के अनुसार मंत्रालय से लेकर मैदानी स्तर तक के अधिकारियों का रिपोर्ट कार्ड मुख्य सचिव और सामान्य प्रशासन विभाग तैयार कर रहे हैं। एक जनवरी को कई अधिकारी पदोन्नत किए गए थे लेकिन इनकी पदस्थापना नहीं की गई थी। 15 जनवरी को मुख्य सचिव अनुराग जैन ने कलेक्टर,कमिश्नर,नगर निगम आयुक्त जिला पंचायत और स्मार्ट सिटी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी की कांफ्रेंस बुलाई है। इसमें मैदानी अधिकारियों के कामकाज का आंकलन होगा। इसके बाद तबादलों का सिलसिला प्रारंभ हो जाएगा। बताया यह भी जा रहा है कि कलेक्टर और जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी 21 फरवरी तक नहीं बदले जाएंगे,क्योंकि प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का काम चल रहा है। प्रदेश में कलेक्टर से लेकर सचिव स्तर के अधिकारियों को पदोन्नत किया गया है। सभी को पदोन्नति अभी वर्तमान पदों को उच्च पद के समकक्ष घोषित कर दी गई है। कई अधिकारियों को एक स्थान पर पदस्थ रहते दो वर्ष से अधिक हो चुके हैं। इनके स्थान पर नए अधिकारियों की पदस्थापना की जाएगी। वहीं मंत्रालय में कुछ अपर सचिव को सचिव बनाया गया है। इनकी पदस्थापना भी होनी हैं। 15 जनवरी को होने वाली कलेक्टर,कमिश्नर कान्फ्रेंस के लिए करीब 85 बिंदुओं पर जिलेवार रिपोर्ट तैयार की जा रही है और उसी के आधार पर अधिकारियों से बात की जाएगी।
What's Your Reaction?