विंध्य के लिए सरकार ने खोला खजाना सीएम मोहन यादव ने एक साथ दी कई विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को सीधी जिले की सिंहावल विधानसभा क्षेत्र के तहसील मुख्यालय बहरी में विभिन्न शासकीय विभागों के हितग्राहियों के प्रशिक्षण सह उनमुखीकरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मांग पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बहरी में नया कॉलेज खोलने की घोषणा की। यह कॉलेज अगले सत्र से ही प्रारंभ किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने ग्राम बहरी से चुरहट तक 129 करोड़ की लागत से 64.54 कि.मी. लंबे टू-लेन रोड निर्माण की भी घोषणा इस मौके पर की। उन्होंने सिंहावल और देवसर के महाविद्यालयों में विज्ञान और वाणिज्य संकाय की कक्षाएं प्रारंभ करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने सिंहावल में वर्तमान में संचालित पार्ट टाइम एडिशनल कलेक्टर कोर्ट को अब फुल टाइम संचालित किए जाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सोन नदी के किनारे सीधी जिला सोने की नगरी के समान है। आज यहां 201 करोड़ की लागत से क्षेत्र के विकास के लिए लोकार्पण एवं भूमि-पूजन किए गए हैं। इसमें सीधी जिले में नए जनपद भवन, ग्राम पंचायत भवन, बालक-बालिका छात्रावास जैसे विभिन्न निर्माण कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार नारी सशक्तिकरण के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि 'विन्ध्य प्रगति पथ' से सीधी जिले की कनेक्टिविटी और भी बढ़ेगी। इस प्रगति पथ में भोपाल से सागर, दमोह, कटनी, मैहर, रीवा, सीधी से सिंगरौली तक एक नया फोर-लेन हाई-वे बनाया जाएगा। इससे रोजगार के अवसर और औद्योगिक विकास को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि सीधी जिले में 10 आधुनिक सांदीपनि विद्यालय संचालित हैं।
What's Your Reaction?