आज होगा 'नबीन' बीजेपी का ऐलान एमपी बीजेपी के 22 प्रस्तावकों ने लगाई मुहर
भारतीय जनता पार्टी में आज से 'नबीन' युग का आगाज होने जा रहा है। आमतौर पर भाजपा में चुनाव एक खानापूर्ति है क्योंकि वहां सारे फैसले दो लोग ही आपस में लेते हैं जिसका विरोध करना किसी नेता के बस में नहीं है। लेकिन सोमवार को बीजेपी की राष्ट्रीय राजनीति के लिए बड़ा दिन था और ऐसे मौके पर एमपी बीजेपी नेताओं ने अपनी ताकत दिखा कर यह बता दिया कि बीजेपी के लिए एमपी कितना जरुरी है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव में मप्र भाजपा से 22 प्रस्तावक दिल्ली में थे। सभी नेताओं ने नितिन नबीन के नाम का प्रस्ताव रखा। एमपी के सभी नेताओं ने नितिन नबीन के समर्थन में नामांकन पत्र पर अपने हस्ताक्षर किए। अब आज भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाएंगे और नितिन नबीन के नाम की औपचारिक घोषणा की जाएगी। मप्र से डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा,राजेन्द्र शुक्ल,केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान,ज्योतिरादित्य सिंधिया,वीरेन्द्र खटीक,मंत्री कैलाश विजयवर्गीय,प्रहलाद पटेल,राकेश सिंह,फग्गन सिंह कुलस्ते,पूर्व अध्यक्ष वीडी शर्मा,दुर्गादास उइके,लालसिंह आर्य,नरोत्तम मिश्रा। पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव सहित अन्य नेता एमपी से नितिन नबीन के प्रस्तावक बने। सभी नेताओं ने प्रस्तावक पत्र पर हस्ताक्षर करने के बाद दिल्ली में सामूहिक फोटो सेशन करवा कर दिल्ली से एमपी तक यह संदेश देने का प्रयास किया है कि भाजपा एकजुट है। तस्वीर में दिख रहे नेताओं के बल पर ही बीजेपी एमपी में सरकार बनाने में कामयाब हो रही है। गौरतलब है कि नितिन नबीन को पहले ही कार्यकारी अध्यक्ष के तौर पर नियुक्त किया गया था। लेकिन वो पूर्ण रुप से अध्यक्ष नहीं थे। अभी तक राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ही थे। जैसे ही भाजपा हाई कमान की तरफ से नितिन नबीन के नाम की औपचारिक घोषणा होगी तो नितिन नबीन राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर निर्विरोध स्थापित हो जाएंगे। नितिन नबीन बिहार के कायस्थ समाज से आते हैं जिनकी उम्र करीब 45 वर्ष है। नितिन नबीन को राष्ट्रीय अध्यक्ष बना कर भाजपा ने अपने नेताओं को यह मैसेज देने का प्रयास किया है कि अब पीढ़ी परिवर्तन का समय है लिहाजा सीनियर नेता पार्टी में बदलाव के लिए तैयार रहें और अपना स्थान छोड़ने के लिए भी तैयार रहें क्योंकि अब भाजपा दूसरी पीढ़ी को आगे करने जा रही है।
What's Your Reaction?