अब प्रत्येक सीट पर 'दो' प्रत्याशी उतारेगी कांग्रेस राज्यसभा चुनाव से लिया सबक डमी कैंडीडेट होगा अनिवार्य
राज्यसभा चुनाव में डमी कैंडीडेट नहीं उतारने के कारण मध्य प्रदेश कांग्रेस को अपने हिस्से की सीट गंवानी पड़ी थी और भाजपा उम्मीदवार को वाकवोवर मिल गया था। जिसके चलते भाजपा तीनों सीट जीतने में कामयाब रही थी। इस रणनीतिक विफलता के बाद अब मध्य प्रदेश कांग्रेस ने बड़ी रणनीति तैयार की है। कांग्रेस की रणनीति नगरीय निकाय चुनाव में धरातल पर उतरेगी जहां पर हर प्रत्याशी के साथ एक डमी उम्मीदवार का भी नामांकन भराया जाएगा। इससे पहले प्रदेश में एक नहीं कई बार ऐसे मौके आए हैं जब डमी कैंडीडेट नहीं होने के कारण भाजपा को वाक ओवर मिला है। 2024 लोकसभा चुनाव के दौरान इंदौर से कांग्रेस ने अक्षय कांति बम को प्रत्याशी बनाया था जहां ऐन मौके पर कांग्रेस प्रत्याशी ने पार्टी छोड़ कर भाजपा का दामन थाम लिया था उसके पहले भिंड लोकसभा से डा. भागीरथ प्रसाद ने भी ऐसा ही किया था और वो भी टिकट लेकर भाजपा में शामिल हो गए थे। विदिशा से सुषमा स्वराज के खिलाफ भी ऐसी स्थिति बनी थी जब पार्टी प्रत्याशी राजकुमार पटेल ने भी फार्म लेने के बाद भी नामांकन जमा नहीं किया था। इसी तरह खजुराहो में भी हुआ था जब कांग्रेस ने सपा उम्मीदवार को समर्थन दिया था और उनका नामांकन रद्द हो गया था। अभी हाल ही में पार्टी ने राज्यसभा चुनाव में डमी उम्मीदवार न उतार कर गलती की और उसका खामियाजा भुगतना पड़ा था। इन्हीं सब बातों को देखते हुए कांग्रेस नेतृत्व ने तय किया है कि अब पार्टी प्रत्येक चुनाव में एक डमी उम्मीदवार को उतारेगी जिससे नामांकन रद्द होने की स्थिति में दूसरा प्रत्याशी चुनाव लड़ सके।
What's Your Reaction?