हितानंद शर्मा की बिदाई के बाद बढ़ी बीजेपी कार्यालय में कार्यकर्ताओं की सक्रियता 'कोरग्रुप' की बैठक भी है प्रस्तावित
मध्य प्रदेश भाजपा में एक बार फिर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ गई है। यह सक्रियता उस वक्त बढ़ी है जब प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा की बिदाई हो गई। पिछले कुछ हफ्तों से मप्र भाजपा के प्रदेश कार्यालय में वीरानी सी छाई रहती थी। गिनती के कार्यकर्ता ही प्रदेश कार्यालय में दिखाई पड़ते थे। लेकिन जैसे ही संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा की संगठन से छुट्टी की खबर कार्यकर्ताओं के बीच पहुंची तो उन्हे कुछ नया होने की उम्मीद दिखाई पड़ने लगी। और मंगलवार को तो भीड़ बढ़ने के और भी कारण थे क्योंकि प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल कार्यकर्ताओं से मिलते हैं जिसके चलते कार्यकर्ता बड़ी संख्या में प्रदेश कार्यालय पहुंचते हैं। दूसरी तरफ हितानंद शर्मा के जाने के बाद कार्यकर्ताओं के मन में यह भी उम्मीद जागने लगी है कि अब तक जो नियुक्तियां रुकी पड़ी थी उनमें तेजी से काम होगा। प्रदेश अध्यक्ष को अभी प्रदेश कार्यसमिति की घोषणा करनी है उसके अलावा सभी प्रकोष्ठों के संयोजकों की घोषणा करने के साथ मोर्चों की कार्यकारिणी भी जारी करना है। इन सब नियुक्तियों से पहले निगम-मंडलों की रुकी हुई सूची को भी जारी करना है। यही कारण है कि प्रदेश कार्यालय में अब एक बार फिर रौनकता बढ़ी है और कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष के पास यही उम्मीद लेकर जाते हैं शायद किसी लिष्ट में अध्यक्ष उनका नाम भी शामिल कर लें। Mukhbir को मिली सूचना के अनुसार पांच फरवरी को कोरग्रुप की भी बैठक होनी हैं जिसमें कई बड़े निर्णय लिए जाने हैं। मतलब साफ है कि अब बीजेपी में थोक में नियुक्तियां होनी हैं जिसके कारण प्रदेश कार्यालय में न सिर्फ कार्यकर्ता पहुंच रहे हैं बल्कि मंत्री और विधायक भी बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। विधायकों को उम्मीद है कि शायद निगम-मंडल में उनका नंबर लग जाए।
What's Your Reaction?